राकांपा की कोर कमेटी की बैठक के बाद सोमवार को हो सकती है पवार और सोनिया की मुलाकात, सरकार के गठन पर अंतिम मुहर लगने की संभावनामहाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का 24 अक्टूबर को नतीजा आया, 9 नवंबर तक सरकार का गठन नहीं होने पर 12 नवंबर को राष्ट्रपति शासन लगा दिया
Dainik Bhaskar
Nov 17, 2019, 11:17 AM IST
मुंबई. राकांपा प्रमुख शरद पवार की रविवार को दिल्ली में कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ होने वाली बैठक टल गई है। बताया जा रहा है कि यह बैठक सोमवार को होगी। इस बीच, राकांपा पुणे में आज अपनी कोर कमेटी के नेताओं के साथ बैठक करेगी। इसमें महाराष्ट्र में सरकार बनाने के सियासी समीकरण पर चर्चा होगी।
राकांपा के प्रवक्ता नवाब मलिक ने कहा कि रविवार को पवार पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सही दिशा में हैं। हमें लगता है कि शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस की सरकार जल्द ही बन जाएगी।
मीटिंग में सरकार बनने पर मुहर लग सकती है
बताया जा रहा है कि पवार और सोनिया के बीच बैठक के बाद राज्य में नई सरकार के गठन के बारे में अंतिम मुहर लग सकती है। चर्चा है कि तीनों पार्टियों यानी शिवसेना-राकांपा और कांग्रेस के बीच मंत्रालयों को लेकर न्यूनतम साझा पत्र (कॉमन मिनिमम प्रोग्राम) तैयार हो चुका है। इस पर भी इस बैठक में अंतिम फैसला हो सकता है।