धरती से दिख रहा 5 ग्रहों के ‘संगम’ का बेहतरीन नजारा, 18 साल बाद निकली परेड, कब और कैसे देखें?

Share The News

धरती से दिख रहा 5 ग्रहों के ‘संगम’ का बेहतरीन नजारा, 18 साल बाद निकली परेड, कब और कैसे देखें?

सौर मंडल के पांच ग्रह इन दिनों एक साथ नजर आ रहे हैं। इन ग्रहों को बिना किसी उपकरण की मदद के देखा जा सकता है। सौर मंडल के पांच ग्रह बुध, शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि साथ मिलकर जून की शुरुआत से यह अद्भुत नजारा बना रहे हैं। पूरे महीने सुबह के समय, जल्दी उठने वाले ग्रहों को पूर्व में नीचे से दक्षिण में ऊपर तक आसमान में देख सकते हैं। खगोलविद इस घटना को संगम (Conjunction) कहते हैं।

इस नजारे को जो बात और भी ज्यादा अद्भुत बनाती है वह यह है कि ये ग्रह सूर्य से अपने प्राकृतिक क्रम में हैं। स्काई एंड टेलिस्कोप मैग्जीन के मुताबिक दिसंबर 2004 के बाद से यह नजारा नहीं देखा गया है। आसमान में दो या तीन ग्रहों का एकसाथ नजर आना सामान्य बात है लेकिन पांच ग्रहों का संगम अपने आप में बिल्कुल अनोखा और दुर्लभ है। नासा के खगोलशास्त्री और शोधकर्ता मित्ज़ी एडम्स ने पिछले महीने एक ब्लॉग में कहा, ‘पारंपरिक रूप से ग्रहों का संगम गंभीर खगोल विज्ञान की तुलना में ज्योतिष से ज्यादा संबंधित है।’

24 जून को दिखेगा सबसे अद्भुत नजारा
आने वाले कुछ दिनों में ग्रहों की यह परेड और भी ज्यादा खूबसूरत हो सकती है। शुक्रवार की सुबह 24 जून को ये ग्रह एक बार फिर लाइन में नजर आएंगे जिसमें बुध को देखना और भी ज्यादा आसान होगा। संगम को देखने का सबसे अच्छा समय भोर के बाद का है और सूर्य की रोशनी के पूरी तरह आसमान में फैलने से एक घंटे पहले तक इसे देखा जा सकता है। मैग्जीन ने एक बयान में कहा, ‘असली बोनस शुक्र और मंगल के बीच स्थित अर्धचंद्राकार चंद्रमा है।’

सितंबर तक टूट जाएगा ग्रहों का संगम
स्काईवॉचिंग एक्सपर्ट अभी से लेकर शुक्रवार के बीच किसी भी सुबह दक्षिण-पूर्वी क्षितिज की ओर देखने की सलाह दे रहे हैं। अगर मौसम साफ रहता है तो ग्रह आसानी से देखे जा सकते हैं। अगले कुछ महीनों में ग्रहों के बीच हर सुबह दूरी बढ़ती जाएगी। सितंबर तक शुक्र और शनि इस संगम से बाहर हो जाएंगे।


Share The News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *