Nitusingh jharkhand aajtak in
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के तहत उर्दू विषय की परीक्षा रद कर दी है। इससे पहले, पंचपरगनिया और कुरमाली विषयों की परीक्षाएं भी रद की जा चुकी हैं। आयोग ने यह निर्णय झारखंड उच्च न्यायालय के 23 दिसंबर, 2023 के आदेश के आधार पर लिया है। यह आदेश मो. इसराफिल अंसारी एवं अन्य बनाम झारखंड राज्य और अन्य के मामले में पारित किया गया था।
आयोग ने कक्षा 6 से 8 के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए चौथे पत्र के तहत उर्दू विषय की परीक्षा रद कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को आधिकारिक सूचना जारी की गई। आयोग ने विषय विशेषज्ञ समिति की राय की समीक्षा के बाद यह फैसला लिया है। उर्दू विषय की परीक्षा की नई तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी।
इससे पहले, आयोग ने इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) पद के दूसरे पत्र के तहत पंचपरगनिया और कुरमाली विषयों की परीक्षाएं भी रद कर दी थीं। यह निर्णय झारखंड उच्च न्यायालय के 13 अगस्त, 2024 और 21 अगस्त, 2024 के आदेशों के आधार पर लिया गया था, जो क्रमशः अंतोष महतो और अन्य बनाम झारखंड राज्य और अन्य तथा कुंज बिहारी मंडल और अन्य बनाम झारखंड राज्य और अन्य के मामलों में पारित किए गए थे।
अभी तक इन तीनों विषयों (उर्दू, पंचपरगनिया और कुरमाली) की दोबारा परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। सहायक आचार्य नियुक्ति परीक्षा से जुड़े कई मामले अभी भी कोर्ट में लंबित हैं, जिसके कारण परीक्षा का परिणाम जारी नहीं किया जा सका है। इन तीनों विषयों की दोबारा परीक्षा आयोजित होने के बाद ही परिणाम घोषित किया जा सकेगा।