नीतू सिंह Jharkhand aaj tak in
नवा बिहान, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत एवं लेक व्यू हॉस्पिटल एंड ब्लड सेंटर द्वारा विश्व रक्तदाता दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन
रांची, 14 जून 2025 — विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर नवा बिहान द्वारा लेक व्यू हॉस्पिटल एंड ब्लड सेंटर के सहयोग से हरिओम टावर, रांची में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर को सफल बनाने में समर इंटर्नशिप (एस आर एम चेन्नई, राय यूनिवर्सिटी रांची और रूरल डेवलपमेंट डिपार्टमेंट, रांची यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी) कर रहे छात्र-छात्राओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने वॉलंटियरिंग कर कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराया।
रक्तदान एक महान मानव सेवा है। यह न केवल किसी ज़रूरतमंद की जान बचाता है, बल्कि रक्तदाता के लिए भी कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है। आज जब हर दो सेकेंड में किसी न किसी को रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में नियमित रक्तदान से हम समाज में जीवन की एक नई आशा जगा सकते हैं।
शिविर में उपस्थित डॉ मुकेश कुमार ने बताया कि रक्तदान से शरीर में आयरन की मात्रा संतुलित रहती है, जिससे दिल के रोगों की संभावना कम होती है। यह शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण को भी प्रोत्साहित करता है, जिससे शरीर अधिक सक्रिय और स्वस्थ बना रहता है। रक्तदान करने से वजन नियंत्रण में मदद मिलती है और लिवर कार्यप्रणाली बेहतर होती है। साथ ही, यह एक मानसिक संतोष भी प्रदान करता है कि हमारे कुछ बूंदों से किसी का जीवन बच सकता है।
कार्यक्रम की शुरुआत नवा बिहान के पदाधिकारियों, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के राँची जिला उपाध्यक्ष और लेक व्यू हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति में हुई। आयोजन में करीब 20 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। कई रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान किया और इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक और भावनात्मक बताया।
नवा बिहान अध्यक्ष आर. अजय ने कहा कि “रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि जीवन का संचार है। जब हम रक्तदान करते हैं, तो हम अनजाने में ही किसी परिवार में फिर से मुस्कान ला सकते हैं।” लेक व्यू हॉस्पिटल की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी गई।
समर इंटर्नशिप के विद्यार्थियों ने न केवल रक्तदाताओं को प्रेरित किया, बल्कि व्यवस्थाओं को संभालते हुए टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय भी दिया। नवा बिहान भविष्य में ऐसे और भी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने हेतु संकल्पित है।
रक्तदान करें — जीवन बचाएं। यही विश्व रक्तदाता दिवस का सच्चा संदेश है।
लेक व्यू से प्रकाश साहा, अंकित कुमार के साथ स्टाफ नर्स और टेक्निकल टीम के साथ नवा बिहान से निखिल राज, ब्रिज मोहन ओझा, पूजा कुमारी, मिथलेश उरांव, प्रणव झा, रोशन राठौड़, देवेश झा, किरण कुमारी, इंशा आफताब,राहुल, प्रियांशु, अजय कुजूर, रबीना डुंगडुंग, अभय, जूही केरकेट्टा, सुशीला तिग्गा, राहुल खलको आदि उपस्थित रहे।