झारखंड में बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अलर्ट

Share The News

वैशाली jharkhand aajtak in

झारखंड में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के प्रकोप के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के वेटरनरी कॉलेज में स्थित पोल्ट्री फार्म में एच5एन1 वायरस की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया है। इस फार्म में 150 मुर्गियों और कई बटेरों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इंसानों और पशु-पक्षियों दोनों की निगरानी के लिए कड़े कदम उठाए हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), झारखंड के मिशन निदेशक अबु इमरान ने सभी सिविल सर्जनों को पत्र भेजकर जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) का गठन किया गया है, जो संक्रमण के मामलों की निगरानी और उच्च जोखिम वाले समूहों को दवाइयां उपलब्ध कराएगी। संक्रमित पक्षियों, मुर्गियों और गिनी फाउल के संपर्क में आने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने एपिक सेंटर के 10 किलोमीटर के दायरे में पाए जाने वाले पक्षियों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। संक्रमण के लक्षण वाले मरीजों को 10 दिनों तक अलग रखकर निगरानी में रखने को कहा गया है। संदिग्ध मामलों में क्लिनिकल सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के पोल्ट्री फार्म में संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आए दो कर्मचारियों को एहतियातन आइसोलेशन में रखा गया और उनके नमूने जांच के लिए भेजे गए । संक्रमित पक्षियों के नमूने संक्रमण की पुष्टि के बाद सैंपल भोपाल स्थित आईसीएआर-एनआईएचएसएडी लैब में भेजे गए थे, जहां एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई। अब इंसानों में संक्रमण की जांच के लिए सैंपल रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजे जाएंगे। संक्रमण के संपर्क में आए लोगों को घर में ही क्वारंटीन करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को एंटीवायरल दवाओं (जैसे ओस्लेटामिविर/टैमीफ्लू), पीपीई किट, मास्क और अन्य जरूरी सामग्री का स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। संदिग्ध मामलों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड और बेड की व्यवस्था करने को कहा गया है।

बर्ड फ्लू के लक्षण:

  • बुखार, नाक से खून आना
  • नाक बहना, सिरदर्द
  • गले में खराश और सूजन
  • मांसपेशियों में दर्द
  • उल्टी, दस्त और पेट दर्द
  • सांस लेने में तकलीफ

सावधानियां:

  • मरे हुए पक्षियों से दूर रहें।
  • मास्क पहनकर मुंह और नाक ढकें।
  • लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
  • बीमार या मरे हुए पक्षियों की सूचना पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग को दें।
  • रॉ मीट और अंडे खाने से बचे।
    स्वास्थ्य विभाग ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाएं।
    हालांकि अधिकारियों का कहना है कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि संक्रमण अभी स्थानीय स्तर तक ही सीमित है । नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वच्छता प्रोटोकॉल का पालन करें और अफवाहों से बचें।

Share The News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *