स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल( जैक) को परीक्षा पैटर्न के बदलाव से संबंधित पत्र लिखा था। इसी आलोक में जैक ने वर्ष 2020 में 9वीं की परीक्षा की प्रक्रिया में बदलाव करने का निर्णय लिया है।

बता दें कि नए नियम के तहत परीक्षा में कुल 50 अंक दिए जाएंगे जिसमें 40 अंकों की लिखित परीक्षा होगी एवं 10 अंक स्कूल स्तर पर दिए जाएंगे। पहले भी नौवीं की परीक्षा में 50 अंक के पेपर होते थे परंतु स्कूल स्तर पर इसमें कोई भी अंक नहीं दिया जाता था।

जैक के अध्यक्ष डॉ अरविंद प्रसाद सिंह ने बताया की नौवीं की परीक्षा पहले छह विषयों पर होती थी परंतु नए बदलाव के अनुसार केवल पांच विषयों की परीक्षा ली जाएगी ।इन पांच विषयों में गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान अनिवार्य विषय होंगे।

जबकि दो विषय भाषा -1 व भाषा -2 होंगे भाषा -1 में हिंदी या अंग्रेजी में से किसी एक भाषा को रखना अनिवार्य होगा। कोई विद्यार्थी चाहे तो वह हिंदी ,अंग्रेजी दोनों को भाषा -1और भाषा-2 के रूप में रख सकता है ।

इसके अलावा भाषा- 2 के रूप में विद्यार्थी किसी एक जनजातीय, क्षेत्रीय भाषा के अलावा माध्यमिक स्तर पर पढ़ाई जाने वाली किसी एक भाषा की परीक्षा दे सकते हैं।