vinay singh jharkhandaajtak.in
विश्व पर्यावरण दिवस पर नवा बिहान द्वारा वृक्षारोपण सह गोष्ठी का आयोजन, देशभर से आए इंटर्नशिप के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
राँची, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था नवा बिहान – नर्चरिंग इनिशिएटिव्स द्वारा होटल सनराइज प्राइम, होचर, रिंग रोड, राँची में वृक्षारोपण सह गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों एवं प्रतिष्ठित महाविद्यालयों से इंटर्नशिप के लिए आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राँची जिला पुलिस के सार्जेंट मेजर आनन्द राज खालको ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2026 के विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन है। पृथ्वी लगातार बढ़ते तापमान, जल संकट और जैव विविधता में कमी के रूप में चेतावनी दे रही है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) के वैश्विक अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल सरकारों के प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से ही जलवायु परिवर्तन की चुनौती का सामना किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
नवा बिहान के जिला अध्यक्ष गौतम तिवारी के संरक्षण में होचर, रिंग रोड क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान नीम एवं कदम के पौधे लगाए गए तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गई। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान करने का संकल्प है।
नवा बिहान के संस्थापक आर. अजय ने कहा कि देशभर से आए इंटर्नशिप के छात्र-छात्राएं विकसित भारत के भविष्य हैं। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति जागरूकता समय की आवश्यकता है। नवा बिहान शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संकल्प लिया। साथ ही अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प भी दोहराया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ समाज और पर्यावरण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करती हैं।
कार्यक्रम का समापन “एक पेड़ माँ के नाम”, “पेड़ लगाओ – भविष्य बचाओ” तथा “हरित भारत, विकसित भारत” के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर कृतिका लकड़ा, स्वीटी भेंगरा, किरण नागौवर, सृष्टि कुमारी मुंडा, शुभम कुमार, रौशन कुमार, अंकित भगत, सौरभ कुमार महतो, आयुष कुमार, मनोहर उरांव, तन्मय जायसवाल, साक्षी जायसवाल, रोहित कुमार, अमन राज, प्रिया तांशु मुंडा, आर्यन केरकेट्टा, श्रेष्ठा जायसवाल, कृषिका अग्रवाल, अमन कुमार, प्रवीण कुमार केरकेट्टा, सुमंत कुमार यादव, कुमार तनिष्क, आर्यन, निरंजन एवं एस. कुमार का सहयोग सराहनीय रहा।
जारीकर्ता :
नवा बिहान – नर्चरिंग इनिशिएटिव्स, राँची
“प्रकृति का संरक्षण, मानवता का संरक्षण।”