जेपीएससी सिविल सेवा पीटी पर आयोग ने साफ किया अपना स्टैंड
ना पीटी दोबारा होगी, ना ही मुख्य परीक्षा स्थगित होगी
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की सातवीं 10वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) का रिजल्ट जारी होने के 24 दिन बाद गुरुवार को कट ऑफ मार्क्स जारी कर दिया गया। साथ ही अभ्यर्थियों द्वारा उठाए गए 20 सवालों का जवाब देकर आयोग ने अपना स्टैंड साफ कर दिया कि ना तो पीटी रद्द होगी और ना ही मुख्य परीक्षा स्थगित होगी। लेकिन आयोग के जवाब से अभ्यार्थी संतुष्ट नहीं है। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र नाथ महतो और छात्र नेता मनोज यादव ने कहा कि आयोग ने किसी भी सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया है। पूछा गया था कि लोहरदगा, साहिबगंज और लत लातेहार के एक- एक परीक्षा केंद्र पर सीरियल रोल नंबर वाले अभ्यार्थी पास हो गए हैं। इसके जवाब में आयोग ने बस इतना कहा कि साहिबगंज और लातेहार में ऐसे उदाहरण मिले हैं। इस साल पीटी में सबसे अधिक 3.70 लाख अभ्यर्थी थे, जो पहले की अपेक्षा कई गुना अधिक है। अभ्यार्थियों के हितों को देखते हुए ही प्रोविजनल क्वालिफाइड किया गया है। हालांकि जांच जारी रहेगी। छोटी संख्या को लेकर पूरी परीक्षा के रिजल्ट को रोका नहीं जा सकता।
छात्रों के सवालों पर देखिए आयोग का जवाब
छात्र : जेपीएससी एकमात्र आयोग है, जहां एक ही सेंटर के एक कमरे के सभी अभ्यार्थी पास हो जाते हैं?
आयोग : यह दावा तथ्यों से परे है। इस पर टिप्पणी उचित नहीं।
छात्र : रिजल्ट रद्द करें। जेपीएससी भंग कर यूपीएससी को जिम्मा दें?
आयोग : इस मुद्दे पर टिप्पणी करना उचित नहीं।
छात्र : जेपीएससी की मुख्य परीक्षा स्थगित कर देना चाहिए?
आयोग : दावे में मेरिट नहीं है ।
छात्र : पीटी में 20 सवाल गलत थे। इसका निराकरण नहीं हो सका ?
आयोग : यह आरोप तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत है।
छात्र : प्रखंड व पंचायत स्तर पर केंद्र बनाने से ऐसी स्थिति बनी?
आयोग : डीसी ने संसाधनों का सर्वोत्तम किया।
छात्र : रोल नंबर 522368888 बीसी-2 कैटेगरी का है जो 230 अंक में पास है, जबकि 52077036 क्रमांक वाले 256 अंक में फेल है?
आयोग : 256 नहीं, 240 अंक मिला था। 230 अंक वाले पर कोई जवाब नहीं दिया।
कट ऑफ 54 अंक बढ़ा
श्रेणी जनरल महिला स्पोर्ट्स दिव्यांग कैटेगरी
अनारक्षित 260 260 212 180 अंक: आउटिज्म एंड मल्टीपल डीजीजी
एसटी 230 230 210 220 अंक: ब्लाइंड
एससी 238 238 230 212अंक: मूक-बधिर
बीसी – 1 252 252 218 246 : चलने में अक्षम
बीसी – 2 252 252 214 220 अंक: आदिम जनजाति
ईडब्ल्यूएस 238 238 210
लाठीचार्ज पर गवर्नर बोले
11 लोगों को वार्ता के लिए बुलाया था, ज्यादा क्यों जा रहे थे: विधायक लंबोदर महतो के नेतृत्व में अभ्यार्थी गुरुवार को राज्यपाल रमेश बैस से मिले। अभ्यार्थियों ने कहा कि साहिबगंज और लोहरदगा समेत अन्य जिलों के परीक्षा केंद्र पर सीरियल रोल नंबर वाले अभ्यार्थी पास हो गए। 230 अंक वाले भी सफल रहे, जबकि अधिकांश फेल है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए जेपीएससी जा रहे थे तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस पर राजपाल ने उन्हें नसीहत दी कि जब जेपीएससी ने 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को वार्ता पर बुलाया था तो अधिक संख्या में क्यों जा रहे थे। पीटी रद्द करने की मांग को लेकर मोरहाबादी ने बापू वाटिका के पास 25 वें दिन भी आंदोलन जारी रहा।