vinay singh jharkhandaajtak.in
राँची। सामाजिक संस्था नवा बिहान द्वारा खेल गाँव स्थित गाड़ी गाँव में एक दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर एवं नि:शुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना तथा समय रहते विभिन्न बीमारियों की पहचान कर उचित उपचार के प्रति जागरूक करना था। शिविर में महिलाओं, पुरुषों एवं युवाओं सहित 100 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य एवं आँखों की नि:शुल्क जाँच की गई।
वर्तमान समय में स्वास्थ्य जाँच और उपचार की बढ़ती लागत के कारण ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराना कठिन होता जा रहा है। ऐसे में कई बार छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याएँ समय पर सामने नहीं आ पातीं और बाद में गंभीर रूप धारण कर लेती हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए नवा बिहान द्वारा इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, ताकि ग्रामीणों को उनके घर के समीप ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
शिविर के दौरान लोगों के सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ रक्तचाप, शुगर, वजन तथा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जाँच की गई। इसके अतिरिक्त नेत्र परीक्षण के माध्यम से आँखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच कराने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं, क्योंकि इससे उन्हें बिना किसी आर्थिक बोझ के स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जाँच और चिकित्सकीय सलाह प्राप्त होती है।
इस अवसर पर नवा बिहान के संस्थापक आर अजय ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता जैसी मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “बढ़ती स्वास्थ्य जाँच की लागत के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक लोग समय पर अपनी बीमारी का पता नहीं लगा पाते हैं। यदि किसी स्वास्थ्य समस्या की पहचान शुरुआती अवस्था में हो जाए तो उसका उचित उपचार संभव है और गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। नवा बिहान समाज के प्रत्येक सकारात्मक और जनहितकारी कार्य में तत्परता के साथ अपना योगदान देता रहेगा तथा समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।”
नवा बिहान ने भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर और वंचित वर्गों तक सहायता पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया। संस्था का मानना है कि स्वस्थ और जागरूक समाज ही एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।
इस अवसर पर गाड़ी गाँव के दीपक कुमार के साथ देश के विभिन्न यूनिवर्सिटी से आए इंटर्नशिप के कृतिका लकड़ा, स्वीटी भेंगरा, किरण नागौवर, सृष्टि कुमारी मुंडा, शुभम कुमार, रौशन कुमार, अंकित भगत, सौरभ कुमार महतो, आयुष कुमार, मनोहर उरांव, तन्मय जायसवाल, साक्षी जायसवाल, रोहित कुमार, अमन राज, प्रिया तांशु मुंडा, आर्यन केरकेट्टा, श्रेष्ठा जायसवाल, कृषिका अग्रवाल, अमन कुमार, प्रवीण कुमार केरकेट्टा, सुमंत कुमार यादव, कुमार तनिष्क, आर्यन, कृति अग्रवाल, मोहित मिश्रा, काशमला साजमीन, मेरी रोज मिंज, नेहा कुमारी, अनुष्का साहा, ऋतिक राज सिंह, स्वस्तिका पाण्डेय, नन्दनी रॉय, आकृति सौम्या तिर्की और आवृति सौम्या तिर्की का सहयोग सराहनीय रहा।