vinay singh jharkhandaajtak.in
मातृ दिवस पर नवा बिहान द्वारा रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का आयोजन
मातृ दिवस के पावन अवसर पर लेक व्यू ब्लड सेंटर के सहयोग से डोरंडा, राँची में रक्तदान शिविर तथा विजन आई हाउस हॉस्पिटल के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया।
मातृ दिवस हर वर्ष मई के दूसरे रविवार को माताओं के निस्वार्थ प्रेम, त्याग और परिवार में उनके अमूल्य योगदान के सम्मान में मनाया जाता है। इसी प्रेरणादायी अवसर पर समाज सेवा एवं जनस्वास्थ्य के उद्देश्य से इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व थैलेसीमिया दिवस के महत्व को भी रेखांकित किया गया। नवा बिहान का उद्देश्य थैलेसीमिया से पीड़ित मरीजों को सहयोग देना, उनका मनोबल बढ़ाना तथा जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।
नवा बिहान के फाउंडर आर अजय जी ने कहा कि आज बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक आंखों की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, लेकिन लोग अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। समय रहते आंखों की जांच कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राँची शहर में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहनी चाहिए ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में जरूरतमंदों को सुगमता से रक्त मिल सके।
अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के उपाध्यक्ष श्री बृज मोहन ओझा जी ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक शिविर समाज के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित होते रहना चाहिए ताकि लोगों के बीच रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियाँ दूर हों। एक यूनिट रक्त कई जिंदगियाँ बचा सकता है तथा प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
शिविर में लगभग 80 लोगों की मोतियाबिंद, चश्मा एवं नखूना जाँच की गई, वहीं रक्तदान शिविर में 20 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुरेश जी, रामाश्रय शर्मा, अंकित कुमार, प्रकाश शाह, रिया रानी, आलोक सिंह, सन्नी शर्मा एवं शुभम मेहता जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
नवा बिहान ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में आगे भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।