झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम परिणाम घोषित हो गया है। इस परीक्षा में पलामू जिले के गौतम गौरव ने झारखंड प्रशासनिक सेवा (JAS) में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान (रैंक-4) हासिल किया है।गौतम गौरव की यह सफलता केवल एक रिज़ल्ट नहीं बल्कि संघर्ष और धैर्य की मिसाल है।
गौरव ने 35 से अधिक प्रतियोगी परीक्षाएँ दीं और कई बार असफल रहे, लेकिन कभी हार नहीं मानी। शुरुआत में उन्होंने मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) की नौकरी की, मगर पढ़ाई पर पूरा ध्यान देने के लिए नौकरी छोड़ दी। उनके पिता कपड़े की दुकान चलाते थे। आर्थिक संकट इतना गहरा था कि कोचिंग की फीस भरना भी मुश्किल हो जाता था। इसी दौरान घर में चोरी होने से उनकी माँ के गहने भी चले गए थे। गौतम ने ठान लिया कि एक दिन वह माँ के लिए नए गहने बनवाएँगे और अपने परिवार को गर्व महसूस कराएँगे।
गौतम गौरव पलामू से हैं और यहीं से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी की। उच्च शिक्षा के बाद वे पूरी तरह सिविल सेवा की तैयारी में जुट गए। उन्होंने लगातार परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास को अपनी ताकत बनाया।