वजन घटाने के साथ कब्ज भी दूर करती है चेरी, जानिए कैसे करें सेवन
कब्ज की समस्या से पाना हो छुटकारा या मोटापे से, पौष्टिक गुणों से भरपूर चेरी का सेवन बहुत से शारीरिक लाभ दे सकता है. जानिए, किन-किन तरीकों से किया जा सकता है चेरी का सेवन.
चेरी सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में से एक है. हेल्थ लाइन में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें काफी सारे पौष्टिक तत्व भी होते हैं, जैसे मिनरल, विटामिन्स और अन्य न्यूट्रिएंट्स. सबसे अच्छी बात यह है कि खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ चेरी स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद होती है. अगर मोटापे जैसी स्थिति से परेशान हैं, तो चेरी का सेवन करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है, क्योंकि यह मोटापे को कम करने में भी सहायक है. इसके अलावा कब्ज जैसी असहज स्थितियों को ठीक करने में भी चेरी जैसे फल मदद कर सकते हैं. आइए जानते हैं चेरी का सेवन करने से अन्य कौन-कौन से स्वास्थ्य लाभ मिल सकते हैं और किन-किन तरीकों से किया जा सकता है इसका सेवन.
चेरी में मौजूद पौष्टिक तत्व
चेरी में लगभग 2 ग्राम प्रोटीन, 20-25 ग्राम कार्ब्स, 3 ग्राम फाइबर, दैनिक ज़रूरत के मुताबिक लगभग 18% विटामिन सी, 8 से 10% पोटैशियम, चार से 5% कॉपर और 5% मैग्नीशियम जैसे पौष्टिक तत्व होते हैं, जो शरीर के लिए काफी ज़रूरी होते हैं.
कैसे करें चेरी का सेवन
चेरी को डाइट में एड करना बहुत आसान है. इसे किसी भी रूप में खाया जा सकता है जैसे सलाद, स्मूदी, जूस बनाकर, मॉकटेल या सॉस के रूप में. चेरी बेहतरीन कंपाउंड्स से युक्त है, जिनसे शरीर में सूजन कम हो सकती है, इसलिए किसी भी रूप में खाने से फायदा मिल सकता है.
चेरी से मिलने वाले फायदे
-इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो क्रोनिक बीमारियों का रिस्क कम करते हैं.
-चेरी में कैलोरीज़ काफी कम होती हैं, जो इसे एक लाइट स्नैक बनाते हैं और साथ ही इसके अंदर फाइबर की मात्रा होती है, जिससे काफी समय तक पेट भरे रहने में मदद मिलती है.
-चेरी का सेवन करने से एक्सरसाइज ज्यादा देर तक कर सकते हैं और यह एक्सरसाइज रिकवरी की प्रक्रिया में भी मदद करती है.
-इसका सेवन करने से नींद अच्छी आती है.
-इसमें मौजूद फाइबर के कारण मल मुलायम होता है, जिसके कारण कब्ज जैसी स्थिति में राहत मिल सकती है.
-गठिया के मरीजों को भी चेरी खाने से मदद मिलती है, क्योंकि इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो जोड़ों से सूजन और दर्द कम करने में लाभदायक होते हैं.
-इसमें पोटैशियम और पॉलीफेनोल जैसे पौष्टिक तत्व होते हैं, जो दिल की बिमारियों का रिस्क कम करते हैं और दिल की सेहत को बढ़ाने में सहायक होते हैं.